छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने रिंग रोडवेज बस सेवा के तहत दो बसों को चलाने का फैसला लिया है। इससे भदोही, जौनपुर और वाराणसी जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
एआरएम सत्य प्रकाश ने बताया कि बस प्रतापगढ़ डिपो से पट्टी, जौनपुर के रास्ते वाराणसी जाएगी। वहां से भदोही, प्रयागराज होते हुए वापस प्रतापगढ़ आएगी।
त्योहार पर ट्रेनों में सीटें फुल हैं। ऐसे में रोडवेज बस के जरिये यात्रियों को सहूलियत देने की पहल की गई है। एआरएम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कानपुर की बसों को भी वाराणसी भेजने की तैयारी है।
17 नवंबर तक चलेंगी बसें
12 नवंबर से शुरू हुई रिंग रोडवेज बस सेवा 17 नवंबर तक संचालित की जाएगी। औसतन करीब एक हजार यात्री वाराणसी का सफर करेंगे। वहीं, कुछ लोग वाराणसी से गागर नींबू की खरीद करने भी बसों से जा सकते हैं। पूजा में गागर नींबू को वेदी पर रखा जाता है। निगम के अनुसार सुबह सात और शाम चार बजे बस रवाना होगी।