सहकारिता विभाग की तरफ से जिले में 16 साधन सहकारी समितियों (बी-पैक्स) का गठन किया जाएगा। समितियों के गठन होने से किसानों को सहूलियत मिलेगी। पंजीकरण के बाद समितियों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शासन की तरफ से किसानों की आय बढ़ाने और उनकी सुविधा के लिए ब्लॉकों में साधन सहकारी समितियों के गठन का निर्देश है। इससे किसानों को आसानी से ऋण, खाद और कृषि सुविधाएं मिलेगी।
जिले में अभी 173 साधन सहकारी समितियों का संचालन हो रहा है। शासन ने 10 समितियों के गठन का लक्ष्य जारी किया था। हालांकि मांग के अनुसार शासन ने लक्ष्य बढ़ाकर 16 कर दिया है। लक्ष्य के सापेक्ष संडवाचंद्रिका, संग्रामगढ़, आसपुर देवसरा, लक्ष्मणपुर, बिहार, बाबागंज में साधन सहकारी समिति के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
पंजीकरण के बाद गठन की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। समितियों के गठन से अनाज भंडारण, खाद की उपलब्धता, ऋण सुविधाएं व कृषि संबंधी सुविधाएं किसानों को मुहैया कराई जाएगी। एआर को-ऑपरेटिव देवेंद्र वर्मन ने बताया कि समितियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है।
समितियों का होगा कंप्यूटरीकरण
समितियों के गठन के साथ कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। बी-पैक्स को आधुनिक और डिजिटल बनाने के लिए कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे किसानों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। कंप्यूटरीकरण होने से समितियों पर त्वरित लेनदेन, लागत में कमी और पारदर्शिता बनी रहेगी। समितियों के अभिलेख ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे।