करोड़ों की लागत से बनने वाली बदहाल सड़क की मरम्मत शुरू हो गई है। गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क पर राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया था। अमर उजाला में प्रमुखता से खबर छपने के बाद अफसरों की आखिरकार कुंभकर्णी नींद टूट गई।
लालगंज-कालाकांकर मार्ग जिले के मुख्य मार्गों में से एक है। करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क अफसरों की लापरवाही व बारिश के चलते बदहाल हो गई थी। 25 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर गढ्ढे ही गढ्ढे नजर आ रहे थे। भारी वाहनों के आवागमन के चलते सड़क कई जगहों पर धंस गई थी। इससे लोगों को आवागमन मुश्किल हो चला था। सड़क की बदहाली अमर उजाला ने बाइस जून के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर छपते ही तीन माह से कुंभकर्णी नींद में सो रहे लोक निर्माण विभाग के अफसर जग गए।
खबर प्रकाशित होने के दूसरे दिन ही पीडब्ल्यूडी के अफसर पहुंचे और बदहाल सड़क का सर्वे कर मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी। आननफानन में डंपर से मिट्टी व गिट्टी गिराई जाने लगी। मंगलवार को बदहाल सड़क की खुदाई के लिए विभाग की जेसीबी गरजने लगी। सड़क की मरम्मत शुरू होने पर लोगों ने अमर उजाला के प्रति आभार जताया है। ललन सिंह, विष्णु सिंह, ऊधम सिंह, कोमल गुप्ता, विकास कुमार, प्रदीप सिंह, राव वीरेंद्र सिंह, संजय सिंह आदि ने कहा कि महीनों से बदहाल हुई सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था।
युवक का मोबाइल छीन ले गए बाइक सवार
कोतवाली के कटरा बलीपुर निवासी वंशीलाल पटेल सोमवार की रात आठ बजे गांव के समीप नहर की पटरी पर बाइक पर बैठा मोबाइल चला रहा था। तभी लालगंज की ओर से बाइक सवार दो उचक्के पहुंचे। उचक्कों ने बाइक की रफ्तार धीमी करने के बाद झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता दोनों उचक्के बाइक से भाग निकले। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन उचक्कों का कुछ पता नहीं चल सका।
गोली चलाने वाला हमलावर भेजा गया जेल
कोतवाली के खरगपुर में तीन दिन पहले जमीन विवाद में मारपीट के दौरान फायरिंग हुई थी। गोली लगने से फैय्याज व सैफ घायल हो गए थे। मामले में पीड़ित कलीम ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था। सोमवार की रात लीलापुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने लोनी नदी के समीप महुआर निवासी एक आरोपी अतीक को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। मंगलवार को पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में धराए आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।