स्टेडियम में 18 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को नए खेल सत्र प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। जिला खेल कार्यालय में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक आवेदन मिलेंगे। खिलाड़ियों को आवेदन के साथ 160 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं शौकिया लोग भी 360 रुपये प्रतिमाह का शुल्क देकर विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके साथ ही व्यायाम शाला में प्रवेश के लिए 1000 रुपये प्रतिमाह शुल्क जमा कर लोग सेहत सुधार सकेंगे।
स्टेडियम में नए खेल सत्र में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, ताइक्वांड़ो, कबड्डी, कुश्ती समेत अन्य खेलों में प्रवेश दिया जाएगा। खिलाड़ियों को आवेदन के समय जन्मतिथि प्रमाण पत्र व आधार कार्ड के साथ शुल्क जमा करना होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनमलता राज ने बताया कि नए खेल सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया एक अप्रैल से प्रारंभ हो गई है। 18 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ी ही प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकेंगे। शौकिया खेलने वाले कुछ खेलों के लिए आवेदन कर सकेंगे।