प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग स्थित लाखीपुर तिराहे के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने ई-रिक्शे में टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हादसे के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। इलाज के दौरान एक युवती ने दम तोड़ दिया। ई-रिक्शा चालक समेत दो घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है।
अमेठी के रामगंज थाना क्षेत्र स्थित ढेमा निवासी दिनेश ई-रिक्शा चालक है। सोमवार को वह सवारी लेकर अमेठी से ढेमा जा रहा था। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लाखीपुर के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने ई-रिक्शे में टक्कर मार दी। टक्कर तेज होेने के कारण ई-रिक्शा बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। ई-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल ज्योति यादव (30), चालक दिनेश पाल और श्रद्धा अग्रवाल को पुलिस की गाड़ी से मेडिकल कॉलेज भेजा।
ई-रिक्शा सवार संतलाल, रिया, सीमा, वंदना, पूनम अग्रवाल, प्रीति विश्वकर्मा को एंबुलेंस से कोहड़ौर सीएचसी भेजा गया। इलाज के दौरान पालपुर ढेमा की रहने वाली ज्योति की मौत हो गई। वहीं, चालक दिनेश और श्रद्धा अग्रवाल की हालत गंभीर होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि हादसे के बाद स्काॅर्पियो चालक भाग निकला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज से स्काॅर्पियो की जांच की जा रही है।