पट्टी (ब्यूरो)। तहसील मुख्यालय से सटी ग्राम सभा बेलसंडी में बिना प्रशासन की सूचना के आधार कार्ड का शिविर लगा दिया गया। इस दौरान आधार कार्ड बनाने के नाम पर 30 से 35 रुपये की वसूली होने लगी। इसको लेकर बवाल हो गया। शिकायत एसडीएम तक पहुंची तो उन्होंने पुलिस को गांव भेज दिया। पुलिस आधार कार्ड बनाने वाली टीम को कोतवाली ले गई।
बेलसंडी गांव के लोगों को सूचना दी गई कि उनके गांव में आधार कार्ड बनाने की टीम आ रही है। सूचना पर ग्रामीण निर्धारित स्थल पर पहुंच गए। वहां आधार कार्ड बनाने के नाम पर 30 से 35 रुपये की वसूली हजारों लोगों से कर ली गई। अवैध वसूली का विरोध करते हुए कुछ ग्रामीणों ने सूचना एसडीएम पट्टी रामशंकर को दी। उन्होंने बगैर प्रशासन की सूचना के लगाए गए इस शिविर से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कोतवाली पुलिस को मौके पर भेज दिया।
ग्रामीणों ने जब समझा कि यह फर्जी टीम है तो वे उग्र हो गए और अपने पैसे की मांग को लेकर टीम की पिटाई पर उतर आए। मगर वहां पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें एक कमरे में बैठा कर मामला शांत कराया और लोगों को किसी तरह कोतवाली भिजवाया। आधार कार्ड बनाने वाले लोगों ने आवास इन्फोटेक कंपनी प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद से जुड़ा बताया। पुलिस ने टीम में शामिल अजय तिवारी लालगंज, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार, प्रभात, मनोज, घनश्याम और वीरेन्द्र सिंह निवासी मीरा भवन प्रतापगढ़ को हिरासत में लिया है।