प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर बबुरहा मोड़ के पास मंगलवार की रात श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार महिंद्रा कार चालक को झपकी आने से बेकाबू हो गई और दीवार तोड़ते हुए एक मकान में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई। तीन की हालत नाजुक है। मकान स्वामी भी पत्नी समेत घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कार में सात लोग थे, जो संगम स्नान कर अयोध्या दर्शन को जा रहे थे। भुपियामऊ चौकी क्षेत्र में बबुरहा मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर मनोज ओझा के मकान में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए। कमरे में सो रहे मनोज और उनकी पत्नी रेनू भी घायल हो गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।
सभी को कार से बाहर निकालने के लिए कार के दरवाजे को तोड़ा गया। घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां तीन श्रद्धालुओं समेत कार मालिक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि तीन कार सवार और घर में सो रहे दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।