प्रतापगढ़। रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शौचालय में महिला यात्री से दुष्कर्म के मामले में तन दिन से फरार चल रहा आरोपी घर के पास बुलडोजर खड़ा होते ही कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दुष्कर्म के आरोपी को जेल भेज दिया। उच्च स्तरीय जांच शुरू होते ही रेल विभाग में कार्रवाई को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।
अंतू थाना क्षेत्र की एक महिला यात्री के साथ शनिवार भोर में रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शौचालय में दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म का आरोपी तीन दिन से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की सख्ती के बाद रविवार की रात सीओ सिटी अभय पांडेय बुलडोजर लेकर आरोपी के घर के पास पहुंचे। बुलडोजर के साथ पुलिस ने आरोपी के मकान में दबिश दी। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। कुछ ही देर में फरार चल रहे आरोपी ने सुरियावां रिश्तेदारी से सरेंडर करने के लिए पुलिस से बातचीत की। भोर के पहले ही आरोपी ने कोतवाली में सरेंडर कर दिया। हालांकि फरार आरोपी शुभम मोदनवाल उर्फ अन्ना निवासी स्टेशन रोड नगर कोतवाली से पूछताछ के बाद कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात भुपियामऊ से गिरफ्तारी दिखाते हुए मंगलवार को उसे जेल भेज दिया।
वहीं दूसरी ओर रेलवे परिसर में महिला यात्री के साथ दुष्कर्म मामले की जांच करने के लिए सोमवार को एडीआरएम समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। घटना के दिन वाली सीसीटीवी की गतिविधियों का फुटेज कब्जे में लिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर व जीआरपी थानाध्यक्ष से भी घटना की जानकारी ली। रात में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए पुलिसकर्मियों की बाबत पूछताछ की। इस घटना को लेकर रेल विभाग में भी कार्रवाई की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि शौचालय को अभी जांच होने तक सील करा दिया गया है। आरोपी के बचाव में मारपीट करने वाले लोगों पर भी जल्द ही शिकंजा कसेगा।