रानीगंज तहसील के रामापुर बाजार में रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर के निर्माण से व्यापारियों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। वर्षों से बाजार में व्यवसाय कर परिवार चला रहे व्यापारियों की मदद को सांसद व क्षेत्रीय विधायक भी आगे नहीं आ रहे। मुसीबत में फंसे करीब 800 व्यापारी रोजगार बचाने के लिए लामबंद हो चुके हैं। अब वे पुल का निर्माण कराने वाले ठेकेदार से दो-दो हाथ को तैयार हैं।
रामापुर बाजार में रेलवे की क्रासिंग हैं। कई साल से यहां फ्लाईओवर के निर्माण की कवायद चल रही थी। निर्माण शुरू हुआ तो व्यापारियों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्र, महामंत्री अमित कुमार वैश्य, कोषाध्यक्ष मोतीलाल वैश्य, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार वैश्य, सुनील कुमार उर्फ गुड्डू आदि ने बताया कि पूरब की दिशा में तीन पिलर बना पुल बनाए जाने की योजना है। जबकि यहां पांच पिलर बनाए जाने की आवश्यकता है। क्योंकि तीन पिलर पर यदि पुल बन जाएगा तो जहां से पुल समाप्त होगा उस जगह ठेकेदार दीवार बना देगा। ऐसे में लोगों का आवागमन ठप हो जाएगा।
जिसका सीधा असर व्यापारियों के व्यापार पर पड़ेगा। कहा कि इस मामले की शिकायत सांसद व विधायक तक से की जा चुकी है। अब तक कहीं से भी व्यापारियों के लिए राहत की उम्मीद नहीं दिख रही। रोजगार छिनने के भय से हताश व सहमे बाजार के व्यापारी लामबंद हो चुके हैं। ठेकेदार से वे अपने रोजगार के लिए हर स्तर की लड़ाई को तैयार हैं। कहा जा रहा है कि यदि ऐसी नौबत बनी तो परिणाम काफी गंभीर हो सकते हैं। व्यापारियों ने इस बात की शिकायत कैबिनेट मंत्री कलराज मिश्र, डीएम सहित कई विभागों के अधिकारियों से की है।