अयोध्या में श्रीराम मंदिर शिलान्यास की खुशी में बुधवार को बेल्हावासियों ने दिवाली मनाई। चहुंओर मंदिर शिलान्यास का उल्लास दिखा। आकर्षक लाइटिंग व दीपों से सजे घर व मंदिर शाम होते ही जगमग हो उठे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई। सतरंगी रोशनी के बीच अदभुत नजारा दिखा। चहुंओर जय श्रीराम-जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। रातभर भजन-कीर्तन का क्रम लगा रहा।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के शिलान्यास के दिन बेल्हावासियों ने दीपावली मनाने की तैयारी की थी। दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर का शिलान्यास किया तो लोग भावविभोर हो उठे। दोपहर बाद लोग अपने-अपने घरों में दीपक व इलेक्ट्रानिक झालर आदि सजाने लगे। सभी को सूरज ढलने का इंतजार था।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
शाम पौने सात बजे के बाद जैसे ही सूर्यास्त हुआ, इलेक्ट्रानिक झालरों व मिट्टी के दीयों से घर जगमग हो उठे। शहर में दीपोत्सव जैसा उल्लास दिखा। स्टेशन रोड व हनुमान मंदिर, विवेक नगर, सदर बाजार, दहिलामऊ, बेल्हादेवी धाम, सई नदी के तट स्थित सच्चा बाबाआश्रम, रोडवेज बस अड्डा स्थित हनुमान मंदिर, सेनानी नगर, मीराभवन सहित शहर के सभी मोहल्लों में दीपोत्सव का कार्यक्रम हुआ।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
जगह-जगह आतिशबाजी की गई। घरों में भजन-कीर्तन चलता रहा। बलीपुर स्थित दुर्गामंदिर में महिलाओं ने दीपदान किए। झालर की रोशनी से मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। रातभर भजन-कीर्तन का दौर चला। ज्योतिषाचार्य पं. आलोक मिश्र ने बताया कि यह खुशी शब्दों में नहीं बयां की जा सकती है।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
चिलबिला स्थित हनुमान मंदिर बुधवार की शाम 5100 दीपों से जगमग हो उठा। आकर्षक झालरों की रोशनी परिसर में बिखरी तो मंदिर का दृश्य देखते ही बन रहा था। पूरा परिसर जय श्रीराम-जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रातभर महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भक्तिमय माहौल बनाए रखा। मंदिर के महासचिव समाजसेवी रोशन लाल ऊमरवैश्य ने भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद महाआरती उतारी।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
दीपदान कार्यक्रम के बाद भजन-कीर्तन शुरू हो गया। समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जिले से गहरा नाता है। मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम से लोग गदगद हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन हम सभी को न्यायप्रिय, मर्यादित, व संस्कारित जीवन जीने का संदेश देता है। इस अवसर पर श्रीकिशोर अग्रवाल, कपिलदेव, छेदीलाल, संतोष कुमार, किशनलाल, छोटेलाल, सनी, रमश्ेा, श्यामल, आदर्श, श्यामबाबू, सूरज, गोलू, श्याम आदि मौजूद रहे।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
कटरामेदनीगंज स्थित प्रतापवासिनी धाम भी सतरंगी रोशनी से नहा उठा। सांसद संगमलाल गुप्ता ने मां शीतला व भगवान श्रीराम का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। शाम को महाआरती उतारी। इसके बाद दीपदान किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण है। हम सभी को इसमें अपनी सहभागिता दर्ज करनी चाहिए। भगवान राम के मयार्दित जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। जिले के अन्य पौराणिक स्थलों में भी दीपोत्सव का नजारा दिखा।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
बाबा बेलखरनाथधाम, मां बाराही देवी धाम सहित अन्य मंदिर जगमगाते रहे। महाआरती व भजन- कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा। दहिलामऊ स्थित अटल भवन शाम होते ही दीपों से जगमग हो उठा। भाजयुमो काशी क्षेत्र के महामंत्री वरुण प्रताप सिंह ने भगवान राम का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर महाआरती उतारी। उधर, रानीगंज क्षेत्र में मंदिर शिलान्यास को लेकर घर-घर दीपोत्सव मनाया गया। झालरों व दीपों की रोशनी से मंदिर व घर जगमग हो उठे।