येरेवन आर्मेनिया में आयोजित युवा सांसदों के दसवें आईपीयू सम्मेलन से वापस लौटने के बाद राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य भाजपा के सदस्यता अभियान को रफ्तार देने के लिए बुधवार को जनपद पहुंचे। टेंपो पर सवारी कर ग्रामीणों के बीच पहुंचे सांसद अमर पाल मौर्य ने डबल इंजन सरकार के कार्यों को गिनाया। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि यदि डबल इंजन सरकार चलती रही तो आने वाला दिन इससे भी बेहतर होगा।
राज्यसभा सांसद आर्मेनिया से 17 सितंबर को वापस लौटने के बाद दिल्ली में चल रही पार्टी बैठक में शामिल हुए। उसके बाद लखनऊ में आयोजित पार्टी की बैठक में शिरकत की। बुधवार को लखनऊ से सीधे जनपद पहुंच गए। सदस्यता अभियान को लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उसके बाद टेंपो पर सवारी करते हुए कोहड़ौर बाजार पहुंच गए। नगर पंचायत कोहड़ौर स्थित प्राचीन राम जानकी मंदिर परिसर में सदस्यता अभियान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर सदस्यता अभियान की शुरूआत की।
अतरसंड गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। अतरसंड के बाद पृथ्वीगंज पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात कर लोगों को सदस्यता दिलाई। इसके बाद वह रानीगंज पहुंचकर ग्रामीणों से मिले। बुधवार को राज्यसभा सांसद ने 350 लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। जनपद में एक दिन प्रवास के बाद बृहस्पतिवार की सुबह वह फूलपुर के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश पाठक, विद्या सागर शुक्ल, राहुल सोनी, विशाल सिंह, रिशू चौधरी, पवन कुमार, मुन्ना शुक्ला, विपिन पांडेय, भाष्कर शुक्ल, प्रशांत सिंह, दीपू जायसवाल मौजूद रहे।