क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में जिले के सियासी दिग्गजों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हम अपने इलाके के बाहुबली हैं। सभी दिग्गज नेता अपने-अपने इलाके में अपने समर्थकों को ब्लॉक प्रमुख बनवाने में सफल रहे। कोई निर्विरोध निर्वाचन कराकर वाहवाही लूट रहा है, तो किसी ने कड़े मुकाबले में विरोधियों को मात देकर अपनी बादशाहत कायम रखी है।
काबीना मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह पट्टी विधानसभा क्षेत्र के मंगरौरा, बेलखरनाथधाम, पट्टी और आसपुर देवसरा विकास खंडों में भाजपा प्रत्याशियों को ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने में सफल रहे। मंगरौरा, बेलखरनाथधाम, पट्टी ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद आसपुर देवसरा में हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक जीत मिली है। कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी अपने गृह ब्लाक रामपुर संग्रामगढ़ में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख का निर्वाचन कराने के बाद अब लालगंज और सांगीपुर सीट पर भी अपने करीबियों का बैठाने में सफल रहे हैं।
कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया कालाकांकर, कुंडा, बाबागंज और बिहार ब्लाक में जनसत्ता दल प्रत्याशियों को जीत दिलाई है। इसी तरह रानीगंज विधायक धीरज ओझा के करीबियों ने शिवगढ़ और गौरा दोनों सीटों पर बाजी मारी है। जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में रानीगंज और पट्टी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था, मगर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में पूरी ताकत झोंकने के बाद सियासी दिग्गज अपनी बादशाहत कायम रखने में कामयाब रहे हैं।
सपा की करारी हार
ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सपा को करारी हार झेलनी पड़ी है। छह ब्लॉकों में अपना प्रत्याशी उतारने वाली सपा सभी सीटों पर जीत का दावा कर रही थी, लेकिन उसे एक भी सीट नहीं मिली है। बिहार ब्लॉक में सपा प्रत्याशी के वाकओवर देने के बाद जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में सबसे अधिक सीटें जीतने वाली सपा का ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सूपड़ा साफ हो गया है। समाजवादी पार्टी ने आसपुर देवसरा से सुषमा यादव, बाबागंज से सुनीता देवी, कुंडा से उर्मिला देवी, शिवगढ़ से शबाना परवीन, गौरा से शोभा देवी, बिहार से सुमित्रा देवी को अपना प्रत्याशी बनाया था। बिहार ब्लॉक की प्रत्याशी सुमित्रा के वाकओवर देने से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की प्रत्याशी सुशीला देवी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुई हैं।