बुधवार को दोपहर सदर बाजार क्षेत्र में हुई हल्की बारिश। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
बुधवार को वातावरण में पुरवा हवाओं ने पकड़ बना रखी थी। दोपहर में आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ शुरू हो गई। देखते-देखते ही बादलों ने बारिश शुरू कर दी। आधे शहर में कुछ देर के लिए बारिश हुई। हालांकि बारिश से लोगों को बहुत राहत नहीं मिली। उमसभरी गर्मी का कहर जारी रहा।
बुधवार को सुबह आंख खुली तो आसमान में बादल छाए हुए थे। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद धूप खिल गई। इसके बाद गर्मी का कहर शुरू हो गया। दोपहर में पुरवा हवाएं सक्रिय हुईं तो आसमान में फिर बादलों की उमड़-घुमड़ शुरू हो गई। देखते ही देखते बादलों की सक्रियता बढ़ गई और बूंदाबांदी होने लगी। शहर में सदर बाजार से चिलबिला तक झमाझम बारिश हुई, जबकि घंटाघर से भंगवाचुंगी, अंबडेकर चौराहा, पल्टनबाजार, पंजाबी मार्केट में सिर्फ बूंदाबांदी तक ही बादल सीमित रहे।
बारिश थोड़ी देर तक ही हुई। इसके बाद फिर धूप खिल गई और फिर से गर्मी का कहर शुरू हो गया। बारिश के बाद गर्मी का असर और भी तेज रहा। उमस से लोग बेहाल रहे। पंखे व कूलर की हवा से भी लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पुरवा हवाओं की दखल के बाद मौसम बदल गया है। बारिश के आसार बने हुए हैं।