रेलवे स्टेशन को साफ-सुथरा रखने और लोगों के गंदगी फैलाने से रोकने के लिए रेल अफसरों ने नायाब तरीका खोजा है। स्टेशन स्वच्छ रखने के लिए रेलवे ने देवी-देवताओं का सहारा लिया है। स्टेशन परिसर के दीवारों के कोनों में व अन्य स्थानों पर पान खाकर थूकने और गंदगी को रोकने के लिए रेलवे ने जगह-जगह हनुमान, देवी दुर्गा और देवी-देवताओं के पोस्टर दीवारों पर चिपकाए हैं।
कहते हैं कि बुरा काम करने से पहले ऊपर वाला से डरो, वह सब देख रहा है। स्टेशन पर गंदगी फैला रहे लोगों के मन में भी भय पैदा करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने देवी-देवताओं का सहारा लिया है। बता दें कि रेलवे स्टेशनों पर गंदगी को रोकने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर देश भर में स्वच्छता अभियान के बावजूद सफाई नहीं हो पा रही है। सब कुछ तो नहीं मगर पान खाकर थूकने से फैल रही गंदगी पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय रेल प्रशासन ने जरूर एक नई पहल की है।गंदगी फैला रहे मुसाफिरों को ऐसा करने से रोकने के लिए रेलवे परिसर में कई जगह देवी-देवताओं के पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
रेलवे की इस पहल की हर जगह चर्चा है। ऐसा करके प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन शायद पहला ऐसा स्टेशन बन गया है जहां पर स्वच्छता के लिए देवी-देवताओं का सहारा लिया गया है।