प्रतापगढ़-वाराणसी रेल मार्ग पर सोमवार को गौरा और दांदूपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेल क्रॉसिंग पर फंसे लोडेड ट्रक और जौनपुर एक्सप्रेस की टक्कर होते-होते रह गई। ट्रक फंसने से यह रूट दो घंटे तक ठप रहा। जिससे इस रूट की गाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ। घटना के कारण जौनपुर एक्सप्रेस और नीलांचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट हुईं। सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस ने जेसीबी लगाकर ट्रक को बाहर निकालकर ट्रैक को खाली कराया। तब जाकर करीब दो घंटे बाद लखनऊ-वाराणसी रूट बहाल हुआ।
गेट नंबर 73 के नजदीक रेलवे क्रॉसिंग है। सुबह इसी क्रॉसिंग से आते समय एक लोडेड ट्रक का पार्ट्स टूट गया। जिससे ट्रक पटरी के बीचोबीच फंस गया। उसी समय दांदूपुर रेलवे स्टेशन से जौनपुर एक्सप्रेस छूट चुकी थी। इसकी सूचना मिलने पर गेटमित्र सुरेश यादव दांदूपुर साइड की ओर भागा और उधर से आ रही जौनपुर एक्सप्रेस को लाल झंडी दिखाकर रोका। गेटमित्र ने इसकी सूचना रेल अफसरों दी। रानीगंज, फतनपुर थाने की पुलिस के अलावा जीआरपी और आरपीएफ के लोग मौके पर पहुंचे गए। जेसीबी लगाकर ट्रक को खींचकर पटरी से बाहर निकाला गया। तब जाकर दो घंटे बाद इस रूट का यातायात बहाल हो सका। इस बीच जौनपुर जाने वाली एक्सप्रेस और पुरी से नई दिल्ली जाने वाली नीलांचल के अलावा जनता,वीएल पैसेंजर और पंजाब मेल का संचालन प्रभावित रहा। उपनिरीक्षक एपी यादव ने बताया कि ट्रक फंसने से समस्या आई थी। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है। ट्रक पर ईंट लदी थी।