बेल्हा में मिलावटी गुड़ का करोबार तेजी से फलफूल रहा है। खाद्य विभाग ने बुधवार को छापामारी कर 60 क्विंटल गुड़ और बगैर मैन्यूफैक्चरिंग डेट की कोल्डड्रिंक पकड़ी। नमूना लेकर जांच को भेजने के साथ दुकानदारों पर कार्रवाई की गई है। अभिहित अधिकारी डां. दीनानाथ यादव के अगुवाई में बुधवार को मुख्य मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी अमित श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षाधिकारी अभिषेक सिंह दल बल के साथ छापामारी करने के लिए गड़वारा पहुंच गए। बाजार के संतोष कुमार के किराना स्टोर पर छापामारी करके किशमिश का नमूना लिया। इसके बाद टीम किशुनगंज स्थित कोल्डड्रिंक विक्रेता श्याम ट्रेडर्स के यहां पहुंच गई।
जांच के दौरान पाया गया कि श्याम ट्रेडर्स के संचालक विजय पाल बिना मैन्यूफैक्चरिंग डेट के कोल्डड्रिंक बेच रहे थे। इसके बाद टीम महराजगंज, बभनी, दूबेपुर, अंतू प्रतापगढ़ स्थित शिवशक्ति ट्रेडिंग कंपनी के यहां छापामारी करने गई। इस दौरान पाया गया कि शिवशक्ति ट्रेडिंग के संचालक बगैर खाद्य लाइसेंस के ही गुड़ का क्रय और विक्रय करता है। गंदे स्थानों पर गुड़ को रखता है। मिलावटी गुड़ तैयार करता है। मौके से खाद्य सुरक्षाधिकारी ने 60 क्विंटल गुड़ भी बरामद किया। विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। इसके बाद टीम ने मां सड़वाचंद्रिका धाम के अगल-बगल संचालित हो रहीं दुकानों पर छापामारी करके पॉलीथिन बरामद की।