सर्वेश व अजय को नहीं जानता है राहुल, प्रीती ने कभी किसी का नहीं किया था जिक्र
दिल्ली से राहुल को पुलिस ने पहले बुलाया, फिर ले गई प्रीती के घर सूरत
प्रतापगढ़। गुजरात के सूरत से साल दो साल के बीच गर्मी की छुट्टियों में घर आने वाली प्रीती से आखिर कब अजय पासी प्यार करने लगा। सर्वेश व अजय का कभी भी प्रीती ने अपने प्रेमी राहुल उर्फ दीपक से जिक्र तक नहीं किया। पुलिस ने भी कुछ दिनों पहले राहुल को दिल्ली से बुलाया और उसे अपने साथ सूरत ले गई। कुछ दिनों तक पूछताछ के बाद घटना का खुलासा एसटीएफ व पुलिस ने किया।
अंतू थाना क्षेत्र के राजापुर रैनिया निवासी राजू वर्मा अपने परिवार के साथ गुजरात के सूरत में रहता था। साल-दो साल में ही उसका परिवार घर आता था। गत दिनों पुलिस ने प्रीती की हत्या का खुलासा करते हुए पिता व चाचा को जेल भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने प्रीती के प्रेमी राहुल उर्फ दीपक को आजाद किया। शनिवार को वह अपने गांव में मौजूद था। बातचीत के दौरान राहुल ने बताया कि करीब पांच साल पहले वैवाहिक कार्यक्रम में घर आई प्रीती से वह प्यार कर बैठा था। 13 मई को सगाई के दिन भी प्रीती उससे मिलने पहुंची थी। फोन पर दोनों की बातचीत भी होती रहती थी। उसके गायब होने पर उसकी हत्या की चर्चा जरूर होती रही, लेकिन सच्चाई कोई बताने वाला नहीं था।
उसने उसका पता लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। प्रीती ने कभी अजय व सर्वेश का जिक्र तक नहीं किया था। वह भी उन्हें नहीं जानता। वह जनवरी में दिल्ली जाकर काम-काज करने लगा था। 8 फरवरी को अंतू पुलिस ने उससे बातचीत कर बुलाया। उसे लेकर पुलिस सूरत प्रीती के घर गई। जहां पूछताछ करने के बाद पुलिस सभी को लेकर प्रतापगढ़ आ गई। यहां भी सभी से अलग-अलग पूछताछ होती रही। वह अजय को पूछताछ के दौरान ही देख सका। अजय कब से प्रीती को जानता था, यह बात उसने केवल पुलिस को बताई थी। जबकि इस बात की जानकारी गांव से लेकर रिश्तेदारों को भी नहीं पता है।
राहुल के अनुसार उसने प्रीती से मोहब्बत की थी। कुछ दिनों बाद प्रीती के बुलाने पर सूरत गया। जहां कुछ दिनों बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। प्रीती के गायब होने के बाद से वह बेचैन रहता था। उसे कुछ नहीं सूझ रहा था। इसलिए कभी ननिहाल तो कभी रिश्तेदारी में खोजबीन करता रहा। सूरत भी प्रीती नहीं गई थी। वहां भी दोस्तों से पता कराया, लेकिन कुछ सुराग नहीं लगा। अब प्रीती के मौत की हकीकत का पता चलने पर वह अकेला रह गया है। पुलिस ने जो खुलासा किया है इसके बारे में वह कुछ नहीं बता पा रहा है।