आजकल शुद्ध दूध, पनीर व पौष्टिक खाद्य पदार्थ नहीं मिल रहे हैं। जबकि हर पांच से दस गांव के बीच में शराब की दुकान मिल जाती है। जहां कमी रह गई है, वहां भी नई शराब की दुकानों का सृजन किया जा रहा है। यह कहना है गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का।
रविवार को सांगीपुर के कटरा स्थित एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में आए बृजभूषण ने आबकारी नीति पर निशाना साधा। कहा कि युवाओं को पौष्टिक आहार चाहिए लेकिन गांव-गांव में शराब की दुकान खुल रही है। छात्रों से बोले कि बल, बुद्धि और विद्या ही मनुष्य को पूर्ण बनाती है। इसके लिए गाय व भैंस के शुद्ध दूध और खेती किसानी से उगाई गई सब्जियां जरूरी है।
आज बाजार में मिलने वाला सरसों का तेल व देसी घी जितने कम दाम पर मिल रहा है, वह किसी हाल में पौष्टिक व असली नहीं हो सकता। इस दौरान उन्होंने एक योग गुरु पर टिप्पणी की और उनकी संस्था के उत्पाद को नकली बताया। पत्रकारों ने सरकार के पक्ष या विरोध को लेकर कई सवाल भी पूछे लेकिन बोलने से इन्कार कर दिया। कहा कि वह बच्चों के कार्यक्रम में आए हैं। राजनीतिक सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे।
इस मौके पर प्रधानाचार्य सुरेश सिंह, केके सिंह, सूबेदार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, ओम प्रकश पांडेय, बृजेंद्र पांडेय मंटू आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन सत्यम सिंह व संचालन राकेश सिंह ने किया।