प्रतापगढ़/ बीरापुर। फतनपुर थाना क्षेत्र के आमापुर बेर्रा में चाची के मायके में जलाई गई युवती की मौत के बाद आरोपी चचेेरे मामा संग परिवार के लोग घर छोड़कर भाग निकले। मृतका के घर भी ताला बंद था। शनिवार की देर शाम प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इलाज के दौरान युवती का मजिस्ट्रेट बयान दर्ज नहीं कर सके। तहरीर का इंतजार कर रहे पुलिसकर्मी घटना की हकीकत की छानबीन कर रहे हैं।
नगर कोतवाली पुलिस के मुताबिक आमापुर बेर्रा की रहने वाली 22 वर्षीय युवती अपनी चाची के भाई (चचेरे मामा) से मोबाइल पर बातचीत करती थी। देखते ही देखते रिश्ते में चचेरे मामा से उसका रिश्ता गहरा हो गया था। शुक्रवार को वह अपनी चाची के मायके रानीगंज के आमापुर बेर्रा गई थी।
युवती का आरोप था कि चाची के भाई ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जान से मारने के लिए आग लगा दी। आग का गोला बनी युवती को किसी तरह झुलसी अवस्था में उपचार के लिए प्रयागराज ले जाया गया। जहां एसआरएन में देर शाम उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी के बाद चाची का भाई परिवार वालों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। मृतका के घर पर भी ताला लटक रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने शव का रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि चूंकि युवती के एक वीडियो में उसे आरोपी युवक द्वारा जलाने की बात बताई जा रही है। जबकि गांव के लोग युवती द्वारा खुद आग लगाने की बात बताई जा रही है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की हकीकत का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के पिता की थाने में हुई थी हत्या
रानीगंज थाना क्षेत्र के आमापुर बेर्रा के रहने वाले आरोपी युवक के पिता की दो साल पहले थाने में ही मनोरोगी ने फावड़े से मारकर हत्या कर दी थी। पिता की मौत के बाद आरोपी युवक को नगर पंचायत रानीगंज में सेवा प्रदाता के जरिये नौकरी पर रखा गया था।
चाची के भाई की शादी तय होने पर मृत युवती थी परेशान
मृत युवती की चाची के भाई की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। जिसके बाद वह परेशान हो गई थी। परिवार में भी आए दिन कलह होती रहती थी। मृतक के पिता की 14 साल पहले मौत हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार युवती की चाची का भाई अक्सर रामपुर मुश्तर्का आता रहता था। इस बीच दोनों के बीच नजदीकी भी बढ़ती रही। अब युवती की मौत के बाद पुलिस दोनों के मोबाइल की काल डिटेल खंगाल रही है। ताकि युवती के आरोपों की गहराई से छानबीन की जा सके।