सूबे में एक जुलाई से लागू होने वाले जीएसटी के विरोध में शहर के कपड़ा व्यापारी सड़क पर उतर आए हैं। मंगलवार को सुबह से दुकानों पर बैनर लगाकर विरोध करने वाले व्यापारियों ने शाम को रैली निकालकर जीएसटी को काला कानून बताते हुए नारेबाजी की। कपड़ा व्यापारियों ने बुधवार को बंद का आह्वान किया है।
कपडे़ पर टैक्स लगने से नाराज कपड़ा व्यवसाईयों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। दिन में दुकान के सामने बैनर लगाकर प्रदर्शन करने वाले व्यापारियों ने शाम को चौक से रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथ में दफ्तियां लिए हुए यह व्यापारी शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए पंजाबी मार्केट पहुंचे। रैली में शामिल व्यापारी जीएसटी हमें मंजूर नहीं का नारा लगा रहे थे। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह छावड़ा ने कहा कि कपड़ों पर पहली बार टैक्स लगाया गया है। आजादी के बाद से कपड़ें पर कोई टैक्स नहीं लगता था, मगर जीएसटी में कपड़े को भी टैक्स के दायरे में करना गलत है। शहर के विभिन्न इलाकों से निकलने वाला जुलूस पंजाबी मार्केट पहुंचकर समाप्त हुआ। जहां इस बात पर सर्वसम्मति बनी कि बुधवार को दुकानों को बंद रखा जाएगा। इस मौके पर संजय झलानी, गुड्डू अग्रवाल, प्रकाशचंद्र खंडेलवाल, इंद्रजीत सिंह, करमजीत सिंह, गुरुदर्शन सिंह, सरदार गुरमीत सिंह, हरविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।