कुंडा के चौसा कुटिया के पास करेंटी रोड पर बृहस्पतिवार शाम ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में एक गर्भवती महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मानिकपुर के गोतनी गांव निवासी हरिश्चंद्र (26) अपनी गर्भवती पत्नी बीनू और बेटे युवराज को लेकर ससुराल गए थे। बृहस्पतिवार शाम वे बाइक से पत्नी और बेटे को कुंडा इलाज कराने जा रहे थे। कुंडा के चौसा कुटिया के पास उनकी बाइक एक ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में हरिश्चंद्र की पत्नी बीनू और बेटे युवराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हरिश्चंद्र खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल हरिश्चंद्र को कुंडा सीएचसी भेजा। मृतका गर्भवती महिला और उसके बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।