प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, जल निगम और बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड और मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अनियमितताएं सामने आईं। मुख्य चिकित्साधिकारी कुल कार्डों और उपचारित लाभार्थियों की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और विस्तृत विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मातृत्व स्वास्थ्य रिपोर्ट में आंकड़ों के अंतर पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने सीएमओ को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्य विभागों को निर्देश और चेतावनी
प्रभारी मंत्री ने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। पेयजल योजनाओं के तहत खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग की बिजली व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता को सुधार लाने को कहा गया। उन्होंने वन विभाग को अशोक वाटिका विकसित करने तथा लखपति दीदियों की पहचान कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। विकास भवन पहुंचने पर पुलिस कर्मियों ने प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।