गुटखे के विवाद में सफाईकर्मी के परिजनों ने युवक की नृशंस हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार के लोगों के साथ फरार हो गया। घटनास्थल पर एएसपी पूर्वी व सीओ सिटी भारी फोर्स के साथ पहुंचे। हालांकि कोई भी आरोपी नहीं मिला। एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी अमित शर्मा (21) पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा सोमवार की शाम गांव के ही सफाईकर्मी महादेव गुप्ता की किराने की दुकान पर गुटखा लेने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अमित ने दुकान पर लोगों को सामान दे रहे महादेव के बेटे रामचंद्र से गुटखा मांगा। दुकान पर भीड़ होने की वजह से रामचंद्र ने गुटखा देने में विलंब कर दिया। जिसे लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी। नौबत गालीगलौज तक पहुंच गई। तभी आलू के खेत में काम कर रहे महादेव के परिजन हाथ में सब्बल और राड लेकर दौड़ पड़े।
यह देख अमित गुहार लगाते हुए दूसरी ओर भागा। कुछ दूर भागने के बाद अमित को लोगों ने दबोच लिया। फिर उसके ऊपर सब्बल व राड से अनगिनत प्रहार किए। शोरशराबा सुनकर अमित के करीबी भी पीछे से आ गए। गंभीर रूप से घायल अमित को लोग जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों संग करीबी बिलखने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। परिवार के लोगों से बातचीत करने के बाद एएसपी पूर्वी अविनाश मिश्रा और सीओ अतुल शर्मा की अगुवाई में भारी फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। आरोपी घर छोड़कर फरार थे। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। गांव के एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। एएसपी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घर पर कोई नहीं मिला।
पहले भी हो चुका था विवाद
महादेव के किराने की दुकान पर सामान के लेनदेन को लेकर रुपये के लिए पहले भी विवाद हो चुका था। ग्रामीणों की मानें तो तीन दिन पहले भी महादेव की दुकान पर बैठे बेटे व अमित से तकरार हुई थी। जिसकी खुन्नस महादेव के परिवार को भीतर ही भीतर साल रही थी। सोमवार को कहासुनी के दौरान अमित को अकेले देख आरोपियों को मौका मिल गया। उन लोगों ने मामूली विवाद को लेकर अमित की बेदर्दी से सब्बल व राड से पीट पीटकर हत्या कर दी।
बेटे की लाश देखते ही बेहोश हो गईं मां-बहन
नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी अमित शर्मा को सब्बल व राड से मारने पीटने की खबर सुनकर उसकी मां व बहन भागकर अस्पताल पहुंचीं। स्ट्रेचर पर उसकी लाश देख दोनों बेहोश होकर गिर पड़ीं। माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने शव को मर्चरी भेज दिया। ताकि किसी प्रकार का बवाल न हो सके।
बवाल की आशंका से सहमी रही पुलिस
नगर कोतवाली के रूपापुर में अमित शर्मा की हत्या के बाद हर कोई आक्रोशित दिखा। जिस बेरहमी के साथ उसे मौत के घाट उतारा गया था, वह लोगों से बर्दाश्त नहीं हो रहा था। अमित का चेहरा देखने के बाद हर किसी का खून खौल उठता। अस्पताल में भी लोग नाराजगी जताते हुए हंगामा करते रहे। जिसके बाद पुलिस बवाल की आशंका को लेकर सहमी रही। गुस्साए लोगों को भंगवाचुंगी चौकी प्रभारी शांत कराने में लगे रहे। घटना से इलाके में सनसनी व्याप्त है।
गुड्डू पर मृतक की मां लगाने लगी आरोप
जिला अस्पताल में अमित शर्मा की हत्या की खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची। अभी वह कुछ समझ पाती कि इससे पहले ही अमित की मां गुड्डू शुक्ला पर आरोप लगाने लगी। यह सुनते ही पुलिस ने गुड्डू को रोक लिया, लेकिन मृतक का भाई नवनीश हस्तक्षेप कर घटना की जानकारी पुलिस को देने लगा। गुड्डू ने भी पुलिस को असलियत बताई। चूंकि गुड्डू चलने में असमर्थ है। बताते हैं कि गुड्डू की कार अमित चलाया करता था। कभी कभार प्राइवेट वाहन भी चला लिया करता था। अस्पताल में गुड्डू शुक्ला कहता रहा कि अमित की हत्या से उसका दाहिना हाथ ही कट गया।
कभी नहीं रहता था अकेला
नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी अमित शर्मा कभी अकेला नहीं रहता था। उसके साथ कोई न कोई जरूर रहता था। सोमवार को यह संयोग ही था कि वह अकेले ही महादेव की दुकान की ओर गया। किसी को इस बात का आभास नहीं था कि महादेव व उसके परिवार वाले इस तरह घटना को अंजाम दे सकते हैं। शोर शराबा सुनकर अमित को बचाने के लिए कुछ साथी दौड़े, लेकिन जब तक वह पहुंचते, तब तक देर हो चुकी थी।