जिले के 63,126 भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। अब इन ग्राहकों को गैस रिफिल कराने के लिए मोबाइल पर फोन नहीं लगाना होगा। उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज भेजकर गैस बुक करा सकेंगे। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार घर सिलेंडर पहुंचने पर नगद भुगतान कर सकते हैं या ऑनलाइन भी भुगतान कर सकते हैं।
भारत गैस ने अपने उपभोक्ताओं को 30 मई से घर बैठे गैस रिफिल कराने की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। भारत गैस की इस पहल से अब मोबाइल पर फोन करके गैस बुक कराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि व्हाट्सएप नंबर 1800224344 पर किसी भी समय मैसेज डालकर गैस बुक करा सकते हैं। मगर उपभोक्ताओं को यह ध्यान रखना है कि एजेंसी में जो नंबर अंकित है, उसी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप करना है।
ग्राहकों के बुकिंग करते ही एजेंसी संचालक के पास स्वयं ट्रांसफर हो जाएगा और तीन दिन के अंदर ग्राहक के घर पर गैस सिलेंडर पहुंच जाएगा। ग्राहकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था की गई है, अगर ग्राहक ऑनलाइन भुगतान करने में अक्षम है, तो वह गैस सिलेंडर घर पहुंचने पर कर्मचारी को नगद भुगतान कर सकता है।
जिले में भारत गैस की दस एजेंसियां हैं, जिसमें 63,126 उपभोक्ता हैं। गुरुवार को तेजगढ़ स्थित भारत गैस एजेंसी पर संचालक सुदीप पांडेय सहित कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। सेल्स ऑफीसर आशुतोष सिंह ने बताया कि व्हाट्सएप नंबर जारी होने से ग्राहकों को काफी राहत मिलेगी।
फोन से बुकिंग की है व्यवस्था
इंडेन गैस अपने उपभोक्ताओं को फोन से बुकिंग कराने की व्यवस्था दी है। मोबाइल रिचार्ज नहीं होने पर ग्राहक गैस की बुकिंग नहीं करा पाता है। हालांकि व्हाट्सएप नंबर से गैस बुक कराने पर उपभोक्ताओं को वस्तुस्थिति की जानकारी भी मिलती रहेगी।
अवैध उगाही पर लगेगी रोक
गैस रिफिल कराने के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी होने से अवैध वसूली पर रोक लगेगी। होम डिलेवरी के लिए निश्चित धनराशि ही हॉकर ले सकेंगे। ग्राहक के गैस बुक कराने पर व्हाट्सएप में कितने रुपये भुगतान करना है, उसका डिटेल भी आ जाएगा।