प्रसव पीड़ा के दौरान महिला की हालत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई है।
बाघराय सीएचसी क्षेत्र के रोर शुकुलपुर गांव निवासी पवन गौतम विद्युत उपकेंद्र बाघराय में संविदाकर्मी है। उसकी पत्नी रागिनी देवी (26) गर्भवती थी। शनिवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने उसे सीएचसी कुंडा में भर्ती कराया।
वहां तबीयत और खराब होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में ही रागिनी की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई है।
मृत बच्चा गोद में लेकर थाने पहुंची युवती
दिल्ली से अपने बच्चे को हक दिलाने आई युवती के बच्चे की मौत हो गई। इस पर युवती बच्चे का शव लेकर थाने पहुंच गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही उसे घर भिजवाने की व्यवस्था की।
महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे हरिदत्त राजापुर निवासी एक युवक दिल्ली में रहकर काम करता था। उसने वहीं पर रहने वाली मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र की एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका से प्रेम संबंध बना लिया। युवती गर्भवती हुई तो वह शादी का दबाव बनाने लगी।
इस पर युवक शादी से मुकर गया। उसके मुकर जाने पर युवती ने उसके खिलाफ दिल्ली के पहाड़गंज थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। इस पर युवक वहां से फरार हो गया। बीते सात अगस्त को युवती ने एक पुत्र को जन्म दिया। उधर महेशगंज थाना क्षेत्र के कुटुलिया पूरमई सुल्तानपुर निवासी एक रिश्तेदार युवती के पास पहुंचा और उसके बच्चे को हक दिलाने की बात कहते हुए उसे गांव ले आया।
इस दौरान महिला उसके घर पर ही थी। शुक्रवार की शाम को उसके मासूम बच्चे की तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए कुंडा सीएचसी ले जाया गया। कुंडा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पर उसे दिल्ली से लाने वाला युवक मासूम का शव और युवती को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद युवती कुंडा कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने उसे महेशगंज भेज दिया।
महेशगंज पुलिस ने मृत बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद युवती के पिता से बात करके उसके मूल निवास हलधरपुर थाना क्षेत्र जनपद मऊ भिजवाने की व्यवस्था की।
136 लोगों की जांच में 14 कोरोना पॉजिटिव
अलग-अलग जगह हुई जांच में 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम क्वारंटाइन कराया गया है। कुंडा सीएचसी में एक टीम ने डीहा में 21 व पुराना कुंडा में 11 लोगों की एंटीजन किट से जांच की। इस दौरान 3 तीन लोग पॉजिटिव पाए गए।
उधर महिला अस्पताल में 33 लोगों की जांच हुई जिसमें आठ लोग पाजिटिव पाए गए। इसके साथ ही 35 लोगों का स्वाब लेकर आरटीपीसी जांच के लिए भेजा गया है। उधर कालाकांकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को पाइकगंज, परसई में 36 लोगों की जांच रैपिड एंटीजन किट से की। इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी को होम क्वारंटाइन कराया है।
एक सप्ताह से खांसी जुकाम बुखार से पीड़ित एडीओ पंचायत की मौत
एक सप्ताह से खांसी जुकाम से पीड़ित एडीओ पंचायत की मौत हो गई। तबीयत ज्यादा खराब होने पर शुक्रवार को उन्हें प्रयागराज ले जाया गया था। वहीं पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कालाकांकर विकासखंड कार्यालय में कार्यरत सहायक विकास अधिकारी पंचायत बाबूलाल पांडेय संग्रामगढ़ के मूल निवासी थे। बीते कई दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। इसके चलते उन्होंने छुट्टी के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
उन्हें खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत थी। शुक्रवार की शाम को उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज ले गए। वहीं पर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों के साथ ही विकासखंड के कर्मचारियों में शोक की लहर व्याप्त हो गई। शनिवार को तमाम कर्मचारी अधिकारी उनके घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना जाहिर की। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार मानिकपुर के राजघाट पर किया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी अपर्णा सैनी अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहीं।