लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज कस्बे में बाइक एजेंसी के भीतर चोरी करने घुसे बदमाश पुलिस से खुद को घिरा देख फायरिंग करते हुए भाग निकले। इस दौरान गोली लगने से पीआरवी का सिपाही घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज ले जाया गया। एजेंसी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज कस्बा निवासी विनय कुमार जायसवाल मकान के निचले हिस्से में बाइक एजेंसी है। बृहस्पतिवार की रात चार बदमाश बाइक एजेंसी के चैनल का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। दो काउंटर का ताला तोड़ने लगे, जबकि दो बदमाश बाइक चुराने की कोशिश कर रहे थे। आहट पाकर विनय ने सीसीटीवी कैमरे में चोरों की करतूत देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पीआरवी 4401 की बाइक से सिपाही राजकिशोर चौहान मौके पर पहुंचा।
Crime
- फोटो : demo pic
अंधेरे में वह चोरों को पकड़ने के लिए एजेंसी के भीतर घुसा। तभी एक चोर ने सिपाही के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली सिपाही के हाथ में लगी। वह जान बचाने के लिए जमीन पर लेट गया। इस बीच मौका पाकर बदमाश अंधेरे में भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। घायल सिपाही को अस्पताल भेजने के बाद बदमाशों की तलाश मेें घेराबंदी की, मगर वे हाथ नहीं लगे। खबर पाकर सीओ लालगंज भी घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर में स्वाट टीम व फारेंसिक टीम पहुंचकर छानबीन करने लगी।
घटना में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। गोली लगने से घायल सिपाही राजकिशोर को उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले जाया गया। वहां से उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया। इस मामले में विनय की तहरीर पर पुलिस ने चार चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए लालगंज पुलिस व स्वाट टीम को लगाया गया है। आरक्षी की हालत खतरे से बाहर है। बदमाशों को चिह्नित करने में काफी हद तक पुलिस कामयाब हो चुकी है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
चोर को पकड़ने के लिए सिपाही ने खतरे में डाली जान
बाइक एजेंसी का ताला तोड़कर घुसे चोरों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पीआरवी के सिपाही राजकिशोर ने अपनी जान की परवाह तक नहीं की। वह विनय से बात करते हुए एजेंसी के पास पहुंचा। उसने हूटर भी नहीं बजाया। राजकिशोर बदमाशों को दबोचना चाहता था। उसने लालगंज कोतवाल को एजेंसी के भीतर चोर घुसे होने की सूचना दी। इसके बाद किसी का इंतजार किए बिना एजेंसी के भीतर घुस गया। खुद को पुलिस से घिरा देख अंधेरे में छिपे एक चोर ने तमंचे से फायर कर दिया। वह अपना चेहरा व सिर बचाते हुए जमीन पर लेट गया, मगर छर्रा उसके हाथ में जा लगा। फायर की आवाज सुनते ही विनय शोर मचाने लगा, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले।