चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस की दहशत के बीच प्रतापगढ़ के तीन युवक अपने घर लौट आए हैं। तीनों चीन में मेडिकल की पढ़ाई करने गए थे। यहां लौटने की खबर पर चिकित्सकों ने उनकी जांच की। उनमें कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। डाक्टरों ने उन्हें अभी परिवार के अन्य सदस्यों से दूर रहने की सलाह दी है। एक छात्र सप्ताह भर पहले घर लौटा था, जबकि दो मंगलवार को पहुंचे।
जिले के तीन छात्र चीन के शेंडांग प्रांत के एक शहर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। चीन में कोरोना वायरस से लगातार हो रहीं मौतें और चारों तरफ फैली दहशत के बाद तीनों मेडिकल छात्र घर लौट आए। घर लौटे छात्रों ने बताया कि चीन में महामारी जैसे हालात होने के बाद वे दहशत में जी रहे थे।
परिवार के लोग बार-बार फोन कर जानकारी ले रहे थे। हालांकि जहां वह थे, वहां कोरोना वायरस ने पांव नहीं पसारे थे। इसके बावजूद दोनों चीन से निकल पड़े। रास्ते में चिकित्सकों ने उनकी जांच की। उनमें कोई लक्षण नहीं मिला, जिसके चलते दोनों छात्रों को घर पर रहने की चिकित्सकों ने छूट दे दी है।
चिकित्सकों की टीम कर रही निगरानी
चीन से लौटे तीनों छात्रों की चिकित्सकों की टीम निगरानी कर रही है। भले ही उनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं, मगर चिकित्सकों ने इनके परिजनों को 15 दिनों तक दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। इनके घर के आसपास दवा का छिड़काव भी करवा दिया गया है।
घर लौटे छात्र जिस स्थान पर थे, वहां पर अभी कोरोना वायरस नहीं पहुंच पाया है। इन सबके बावजूद एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई थी। इनमें किसी भी प्रकार का कोरोना वायरस का लक्षण नहीं मिला है।
डॉ. एके श्रीवास्तव, सीएमओ