फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़: देर रात बीएसएफ इंस्पेक्टर का पाथव शरीर पहुंचा घर, आज होगा अंतिम संस्कार

Sun, 24 Feb 2019 12:52 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रतापगढ़
विज्ञापन
बीएसएफ इंस्पेक्टर - फोटो : प्रतापगढ़
विज्ञापन
 जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन में मरे बीएसएफ के जवान के घर तक रास्ता न होने का मामला सामने आते ही शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक छतरपुर शिवाला रायतारा गांव पहुंचे। राजस्वकर्मियों से जानकारी के बाद रास्ता निर्माण करने का आदेश दिया। परिवार के लोगों की मांग पर गांव में अस्पताल बनवाने समेत अन्य मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। देर रात दरोगा का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। रविवार को गांव में ही जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
विज्ञापन


अंतू थाना क्षेत्र के छतरपुर शिवाला रायतारा निवासी कुंवर बहादुर सिंह बीएसएफ के उपनिरीक्षक थे। वह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात थे। 18 फरवरी को उनकी यूनिट के लोग पानी की सप्लाई ठीक करने निकले थे। बर्फबारी में वह दब गए। शुक्रवार को परिवार के लोगों को कुंवर बहादुर की मौत की सूचना मिली। जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को देर शाम तक शव आने की उम्मीद थी लेकिन देर रात बीएसएफ के जवान पाथव शरीर लेकर पहुंचे। शव पहुंचते ही परिजनों के करुण क्रंदन से कोहराम मच गया।

शनिवार को जवान के घर तक रास्ता न होने को लेकर ग्रामीण प्रशासन से मांग करने लगे। प्रतापगढ़-सांगीपुर संपर्क मार्ग से उनके घर तक कोई रास्ता नहीं है। पहले तो एसडीएम सदर रास्ता निर्माण कराने के लिए ब्लाक व राजस्व विभाग को लगाया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। यह खबर मिलने पर जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही और पुलिस अधीक्षक एस आनंद मौके पर पहुंचे। शहीद की पत्नी  मिथलेश सिंह , बेटे उपेंद्र सिंह, बड़े भाई हरकेश सिंह व बेटी पूजा और सपना से मिलकर सांत्वना दी। परिवार के ही अनिल सिंह  से मिलकर जिलाधिकारी ने परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
विज्ञापन


परिजनों की मांग पर दरोगा के पुत्र उपेंद्र को सरकारी नौकरी  दिलाने का भरोसा देते हुए गांव में उनके नाम पर अस्पताल के निर्माण का भरोसा दिलाया। रास्ते के विवाद को लेकर परिजनों की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को लगाया। पैमाइश कराकर कब्रिस्तान की जमीन को अलग किया गया। गांव के लोगों के साथ ही ग्राम सभा की जमीन पर रास्ते का निर्माण कराने का निर्देश दिया। रास्ते के लिए गांव के अनिल सिंह आगे आए और अपनी जमीन भी दे दी। जिसके बाद रास्ते का निर्माण जेसीबी लगाकर शुरू हो गया। 

मार्च में आने का किया था वादा 
अंतू थाना क्षेत्र के रायतारा निवासी बीएसएफ दरोगा कुंवर बहादुर सिंह जब 2 महीने पहले घर आए थे तो उनके पौत्र और पौत्री ड्यूटी पर जाने नहीं दे रहे थे। दोनों को समझाते हुए कुंवर सिंह ने मार्च में आने का वादा किया था। शनिवार को परिजन उनके वादे को न निभाने की बात कहकर रोते बिलखते रहे।

बेटी को आईएएस बनने का सपना रह गया अधूरा 
बीएसएफ के दरोगा कुंवर बहादुर सिंह की बड़ी बेटी पूजा प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पिता की मौत की सूचना मिली तो वह भागकर अपने घर आई। उसका रो-रोकर बुरा हाल है । उसका कहना है कि अब कौन उसे कहेगा कि बेटी तुम आईएएस बनोगी। पढ़ाई का खर्च कौन देगा।

परिवार के थे सहारा
कुंवर सिंह परिवार के सदस्यों का सहारा थे। पत्नी  मिथिलेश सिंह  घर पर रहकर गृहस्थी का कामकाज संभालती हैं। इकलौते पुत्र उपेंद्र की शादी करीब 6 वर्ष पहले  गरिमा के साथ हुई थी। उपेंद्र का दो साल का बेटा रुद्रप्रताप सिंह और बेटी कौशिकी सिंह है। बड़ी बेटी पूजा सिंह और छोटी बेटी सपना सिंह प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करती हैं। पूजा आईएएस बनना चाहती है और छोटी लडक़ी सपना नर्सिंग असिस्टेंट का कोर्स कर रही है।

अब कौन करेगा बेटियों के हाथ पीले
पिता की मौत के बाद दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी मिथिलेश रोते हुए कह रही थीं कि अब उनकी बेटियों सपना और पूजा की शादी के लिए वर कौन ढूंढेगा।

जवान के घर लगा रहा लोगों का तांता
रायतारा निवासी कुंवर बहादुर सिंह के निधन की खबर मिलते ही आसपास के लोग शुक्रवार की रात से घर पहुंचने लगे।  भाजपा महामंत्री राय साहब सिंह, बझान के  प्रधान राम बहादुर पाल, समाजसेवी राम अकबाल सिंह, शिव कुमार सिंह, अनिल सिंह संडवा चंद्रिका विकासखंड के प्रमुख प्रतिनिधि देशराज सिंह, अध्यक्ष अशोक सिंह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष आलोक दुबे, प्रधान अशोक सिंह, संतराम मिश्र , अंतू नगर पंचायत के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ,पूर्व नगर अध्यक्ष योगेश सिंह, भाजपा नेता बलवंत सिंह सिंह, पिंटू सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने घर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। प्रभारी थानाध्यक्ष भी फोर्स के साथ गांव में बने रहे। वह रास्ते के तनाव को कम कराने का प्रयास करते रहे।

दो मंत्रियों की मौजूदगी में होगा अंतिम संस्कार 
बीएसएफ के दरोगा कुंवर बहादुर सिंह के पाथव शरीर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ रविवार को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम संस्कार के समय प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह मौजूद रहेंगे। अंतिम संस्कार घर के पास ही होगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें