बोलेरो की टक्कर से शिक्षक की मौत हो गई। खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के अनदेवरी पट्टी निवासी दिवाकर सरोज (25) पुत्र रामनरेश सरोज सिद्धार्थ नगर में शिक्षक के पद पर तैनात था।
वह दो दिन पहले घर आया था। बुधवार की शाम दिवाकर पलंबर मिस्त्री को छोड़ने के लिए बाइक से पट्टी आया था। देर रात घर लौटते समय नारंगपुर रामपुर बेला गेट के पास बोलेरो ने टक्कर मार दी।
जिससे घटनास्थल पर ही दिवाकर की मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में चाचा संतलाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगेतर पहुंची मर्चरी, मचा कोहराम
दिवाकर की शादी रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनमई की रहने वाली युवती से तय हुई थी। 17 मार्च को सगाई होनी थी और 19 मई को विवाह होना था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगेतर मर्चरी पहुंच गई। दिवाकर का शव देखते ही वह बिलखते हुए बेहोश हो गई।