कुंडा के शेखपुर में स्थित हनुमान मंदिर।
- फोटो : PRATAPGARH
450 पर शांतिभंग की कार्रवाई, 90 लोगों को रेड कार्ड जारी
शेखुपर में भंडारे को लेकर प्रशासन सतर्क, पुलिस ने किया मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा (प्रतापगढ़)। मोहर्रम के दिन शेखपुर में भंडारे को लेकर सशंकित प्रशासन ने शनिवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। भंडारे के आयोजन की आशंका का देखते हुए पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया के पिता समेत 11 लोगों को नजरबंद करने के बाद शनिवार को 450 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई। 90 लोगों को रेडकार्ड जारी किया गया। इलाके में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। शेखपुर में पुलिस की तैनाती की गई है।
कोरोना के चलते इस बार मोहर्रम पर ताजिया का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है। मोहर्रम के दिन ही ताजिया के जुलूस वाले रास्ते पर भंडारा कराने के लिए पूर्व मंत्री राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह ने अनुमति मांगी थी। जिसे प्रशासन ने निरस्त कर दिया। ताजिया निकालने सहित सभी कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया गया है। इसके लिए लगातार बैठकें करने के साथ ही लोगों को जानकारी देने के लिए एनाउंसमेंट भी कराया गया। इसके बाद शुक्रवार रात प्रशासन ने कुंडा के शेखपुर में भंडारे की आशंका को लेकर उदय प्रताप सिंह सहित 11 लोगों को नजरबंद करने का आदेश दे दिया। शनिवार की सुबह इन सभी के घरों इसका नोटिस भी चस्पा कर दिया गया। जिलाधिकारी के भंडारा निरस्त करने की सूचना भदरी किले पर भी चस्पा की गई थी। इसके साथ ही शेखपुर में एक दरोगा के साथ चार सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सतर्कता के चलते 450 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। शेखपुर में 90 लोगों को लालकार्ड दे दिया गया है। कुंडा पुलिस ने पूरे क्षेत्र में पैदल मार्च किया। ।
कुंडा के शेखपुर में लगाए गए झंडे।- फोटो : PRATAPGARH