लाइन हाजिर सिपाही ने जेठवारा एसओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि जेठवारा एसओ ने तमंचे के साथ पकड़े गए युवक को छोड़ने के लिए उसकी हत्या कराने की बात कह डाली। यहां तक खुद खड़े होकर पोस्टमार्टम करवाकर सिपाही के शव का अंतिम संस्कार तक करवा देने की बात कही। सिपाही ने इसका आडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर आईजी और डीजीपी से शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
लालगंज कोतवाली के रानीगंज निवासी संदीप कुमार पांडेय पुत्र राजेश कुमार को जेठवारा पुलिस ने नौबस्ता तिराहे के पास दो पेटी देशी शराब व तमंचा के साथ गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी थाने में तैनात सिपाही राजकुमार राय को हो गई। राजकुमार का आरोप है कि इसी बीच संदीप का भाई कुलदीप उसे छुडवाने के लिए पहुंच गया।
इसकी जानकारी जब जेठवारा एसओ सियाराम वर्मा को हुई तो उन्होंने पहले तो एसपी को झूठी कहानी बताकर राजकुमार को लाइन हाजिर करवा दिया। राजकुमार का आरोप है कि एसओ संदीप को छोड़ने के लिए उसके भाई कुलदीप को अपनी सर्विस रिवाल्वर दे रहे थे। कहा कि सिपाही राजकुमार की हत्या कराओ तो तुम्हारे भाई को छोड़ देंगे। एसपी एस आनंद ने बताया कि आपसी कहासुनी हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।