कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लौली गांव में एक सिरफिरे आशिक ने स्कूल जा रही शिक्षका को जिंदा जला डाला। शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शिक्षिका की शादी दो मार्च को होनी है और 24 फरवरी को उसका तिलक जाना था। घटना में प्रेमी भी झुलस गया है। गंभीर हालत में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लौली पुख्ता खाम गांव निवासी रज्जन यादव की पुत्री नीलू यादव (22) एक स्कूल में पढ़ाती थी। शुक्रवार को वह स्कूल जा रही थी। रास्ते में रोककर चंदौका गांव निवासी विकास यादव ने उसके ऊपर पेट्रोल फेंककर माचिस जला दिया। नीलू के शरीर के ऊपर से आग की लपटें उठने लगीं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने आग को बुझाया। तब तक नीलू की मौत हो गई थी। आग लगने के बाद लड़की लड़के से चिपक गई, जिससे आरोपी विकास यादव (30) भी बुरी तरह से झुलस गया। पुलिस ने उसको उपचार के लिए अस्पताल में भेजा है।
नीलू की शादी 24 फरवरी को तिलक और दो मार्च को शादी होनी थी। अमेठी जनपद के थाना भादर के नरहरपुर गांव में उसकी शादी तय की गई थी। नीलू एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। आरोपी उससे एकतरफा प्यार करता था। घटना की जानकारी होने के बाद सीओ समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लड़की का ननिहाल चंदौका गांव में है। चंदौका गांव का ही रहने वाला आशिक एक वर्ष पहले तक नीलू के साथ ही विद्यालय में पढ़ाता था। नीलू करीब छह साल से स्कूल में पढ़ा रही थी।
नीलू अपने मां-बाप की इकलौती संतान है। उसको कोई और भाई बहन नहीं है। पहले से इस प्रेम प्रसंग के बारे लड़की के घर वालों को कुछ पता नहीं था। लड़के ने अचानक कदम उठाया तो वह सन्न रह गई। आग लगने के बाद लड़की लड़के से चिपक गई, जिससे आरोपी भाग नहीं सका और वह भी बुरी तरह से झुलस गया।