मंगलवार की रात बोलेरो की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
शहर के भंगवा चुंगी चौराहे पर जूता चप्पल बनाने वाला चमन काफी दिनों से काशीराम कॉलोनी जोगापुर में अकेले रहता था। मंगलवार की रात वह पैदल ही कोतवाली की ओर जा रहा था। बाबागंज के करीब बेकाबू बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हवा में उछलने के बाद सड़क पर गिरते ही वह बोलेरो में फंस गया।
करीब सौ मीटर तक बोलेरो उसे घसीटती रही। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ने गाड़ी रोकी। वाहन रुकते ही चमन पटरी की ओर गिर गया। मौका पाकर चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल चमन को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी भंगवा चुंगी अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार के लोगों का इंतजार किया जा रहा है।