खेत में धान की रोपाई के दौरान मनोरोगी बेटे ने सिर पर खुरपी से प्रहार कर मां की हत्या कर दी। वह शादी न कराने के कारण मां से खफा था, इसको लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हो चुका था। पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
कंधई थाना क्षेत्र के मंगरौरा निवासी लालबहादुर वर्मा सेना में हैं। इन दिनों उनकी तैनाती श्रीनगर में है। उनकी पत्नी राजकुमारी (48) अपने इकलौते बेटे सूरज वर्मा व बेटी निशा के साथ घर पर रहतीं थीं। सोमवार की शाम राजकुमारी अपने बेटे के साथ धान की रोपाई करा रही थीं। इस दौरान किसी बात को लेकर मां से सूरज की कहासुनी हो गई, जिसपर उसने राजकुमारी के सिर पर खुरपी से प्रहार कर दिया। आसपास के लोगों के दौड़ने पर सूरज भाग निकला।
अस्पताल ले जाने से पहले ही राजकुमारी की सांसें थम गईं। पुलिस ने आरोपी बेटे को रात में ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया कि अपनी शादी कराने के लिए वह लगातार मां से कहता था, मगर उसकी बातों को वह अनसुना कर देती थी। शादी न कराने पर वह मां से नाराज रहता था। धान की रोपाई के दौरान मां उसे काम करने के लिए डांट रही थी।
इस मामले में मृतका के देवर रामचरण की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पत्नी की हत्या की खबर मिलने पर श्रीनगर में तैनात लाल बहादुर घर पहुंचा और गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हत्या में प्रयुक्त खुरपी बरामद कर ली गई है।
घटना को छिपाने का किया जाता रहा प्रयास
इकलौते बेटे सूरज ने खून के रिश्ते को कलंकित कर दिया। उसने अपनी मां के सिर व चेहरे पर खुरपी से अनगिनत प्रहार किए। वह बेटे के हमले से बचने का प्रयास करती रही, मगर कामयाब नहीं हो सकी। ग्रामीणों के अनुसार बेटे द्वारा मां की हत्या करने की बात पहले लोग छिपाने का प्रयास करते रहे, मगर देर रात कुछ लोगों ने पुलिस को सच्चाई बता दी। जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन करते हुए आरोपी बेटे को दबोच लिया।