Pratapgarh: Number of infected reached 1794 in the district, so far 28 people have lost their lives
जिले में कोरोना का कहर जारी है। संक्रमण की चपेट में आने से कालेज प्रबंधक व शिक्षक ने दम तोड़ दिया। जिससे मौतों का आंकड़ा अब 28 पहुंच गया है। 24 घंटे के भीतर कुल 39 नए मरीज सामने आए। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1794 पहुंच गई है।
रानीगंज थाना क्षेत्र आमापुर बेर्रा निवासी विनय कुमार सिंह का रानीगंज के सुलतानपुर में इंटर कालेज है। वह कालेज के प्रबंधक थे। तबियत खराब होने के कारण परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए लखनऊ में भर्ती कराया था।
जहां जांच के दौरान वह कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। यह खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर लालगंज स्थित अवधेश विद्या निकेतन इंटर कालेज लालगंज के शिक्षक व बेलहा निवासी संजय सिंह 10 दिन से कोरोना से संक्रमित थे। उनका उपचार लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था।
शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। संजय सिंह पूर्व सांसद रत्ना सिंह के करीबी थे। कालेज प्रबंधक व शिक्षक की मौत से जिले में हड़कंप मचा रहा। दूसरी ओर जिले में कुल 39 नए मरीज मिले। जिसमें13 कुंडा इलाके के हैं। शनिवार को रैपिड टेस्ट में 13 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई। मानधाता के खरवई में शनिवार को रैपिड टेस्ट किया गया। कुल 65 लोगों की जांच में एक बिजली मैकेनिक कोरोना पाजिटिव निकला। उसे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने होम क्वारंटीन करा दिया। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि कालेज प्रबंधक व शिक्षक की मौत हुई है।