Pratapgarh: No new bank branch will open in Karona period
कोरोना संक्रमण काल में जिले में किसी बैंक की कोई नई शाखा नहीं खुलेगी। बैंकों के विलय के बाद भी जिले में चालू वित्तीय वर्ष में छह नई शाखाएं प्रस्तावित थीं, मगर खर्च में कटौती करने के लिए पत्र जारी होने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्तीय वर्ष में कोई नई शाखा नहीं खोलने का फैसला किया है।
जिले में ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए छह नई बैंकों शाखाएं खोलने की इजाजत शीर्ष अफसरों ने दी थी। चालू वित्तीय वर्ष में इन शाखाओं के खुलने के साथ ही ग्राहकों की सुविधा के लिए कामकाज प्रारंभ करने का निर्णय लिया था।
एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाली कवायद पर 22 मार्च को उस स मय ताला लग गया, जब जनता कर्फ्यू के माध्यम से पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा की गई। आरबीआई ने संक्रमण काल से गुजर रहे देश में खर्च की कटौती करने के लिए नई शाखाओं के खुलने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिले में शहरी इलाकों में राष्ट्रीयकृत और प्राइवेट शाखाओं की भरमार है, मगर ग्रामीण इलाकों में अभी भी बैंक शाखाओं की आवश्यकता है। आश्चर्य की बात तो यह है कि राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाएं ग्रामीण इलाकों में खोलने के बजाए शहर को प्राथमिकता दे रहे हैं। जबकि वास्तविक रूप से ग्रामीण इलाकों में बैंक शाखाओं की आवश्यकता है। फिलहाल इस वर्ष जिले में खुलने वाली छह शाखाओं पर रोक लग गई है। अब अगले वित्तीय वर्ष में ही संभावना बन रही है।
कोरोना संक्रमण काल में जिले में कोई नई शाखा नहीं खुलेगी। आरबीआई अगले वित्तीय वर्ष में ही शाखाओं को खोलने की हरी झंडी दे सकता है। फिलहाल संक्रमणकाल में सभी को अपना बचाव करते हुए ग्राहकों का कार्य करना है।
अनिल कुमार, एलडीएम