डीएम डा. आदर्श सिंह ने प्राइमरी स्कूल की जमीन से अपनी मौजूदगी में अवैध रूप से कराए जा रहे निर्माण को ढहवा दिया। राजस्व कर्मियों के साथ पहुंचे डीएम ने पहले नाप कराई, उसके बाद जेसीबी बुलाकर निर्माण जमींदोज करवा दिया। डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाते हुए जमीन को अविलंब स्कूल के नाम कराने को कहा। साथ ही उन्होंने लेखपाल प्यारेलाल के विरुद्ध कार्रवाई तथा खंड शिक्षाधिकारी संतोष सिंह का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
मंगरौरा ब्लाक के प्राइमरी स्कूल पूरब पट्टी की जमीन पर औरंगाबाद ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान के बेटे राकेश सरोज ने निर्माण करा लिया था। इसकी शिकायत स्कूल के प्रधानाध्यापक ने तहसील दिवस में एसडीएम से की थी। एसडीएम ने कानूनगो और तहसीलदार को भेजकर पैमाइश कराने को कहा। नाप-जोख के बाद मकान का कुछ भाग प्राइमरी स्कूल के हिस्से में आ गया। राजस्व विभाग ने अवैध निर्माण कराने वाले आरोपी के खिलाफ कोहंड़ौर थाने में मुकदमा दर्ज कराकर अपना पल्ला झाड़ लिया। मगर अवैध कब्जा बरकरार रहा। हेडमास्टर ने दूसरी बार इसकी शिकायत डीएम से कर दी। सोमवार की दोपहर डीएम डा. आदर्श सिंह ने राजस्व कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों और खंड शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में पहले नाप कराई, उसके बाद जेसीबी बुलाकर अपनी मौजूदगी में निर्माण को जमींदोज करा दिया।