छिड़काव की मशीन बिना पैसे के देने से इंकार करने पर दुकानदार की पिटाई कर दी गई। इससे नाराज दुकानदारों ने दुकानें बंद कर बाजार में जाम लगा दिया। मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी निवासी मनोज गुप्ता ने पूरे कुंडा कोतवाली के पूरे धनऊ बाजार में खाद-बीज की दुकान खोल रखी है। इसके चलते वह दुकान पर छिड़काव की मशीन किराए पर देता है। सुबह दो लोग उसकी दुकान पर पहुंचे और मशीन की मांग की।
सुबह बोहनी न होने के कारण उसने पैसे की मांग की तो दोनों उस पर बिगड़ गए। कहासुनी होने के बाद दुकानदार की पिटाई कर दी गई। इससे आसपास के दुकानदार भी नाराज हो गए और अपनी अपनी दुकानें बंद करते हुए कुंडा से करेंटी जाने वाली मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी करने लगे। इससे वाहनों का लम्बा जाम लग गया। जाम लगने की सूचना पर कुंडा पुलिस पूरे धनऊ बाजार पहुंची। काफी देर के प्रयास के बाद ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया।