नकल के एवज में दस-दस हजार रुपये वसूलने वाले प्रिंसिपल के खिलाफ डीआईओएस ने संग्रामगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कुंडा तहसील के छह कॉलेजों ब्लैक लिस्टेड किया गया है। सांगीपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में सामूहिक नकल होने पर जीव विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा रद्द कर दी गई है। तीन परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों को बदल दिया गया है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की हकीकत देखने के निकले एसडीएम कुंडा की छह कॉलेजों पर गाज गिरी है। बुधवार को आरपी तिवारी इंटरकॉलेज सरायसुभद्रा पहुंचने पर एसडीएम से परीक्षार्थियों ने जो कुछ बताया, उसे सुनकर वह दंग रह गए। परीक्षार्थियों ने प्रिंसिपल की मौजूदगी में एसडीएम शशि भूषण राय से बताया कि नकल के एवज में दस-दस हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। जो लोग रुपये नहीं देते हैं, उन्हें मारा-पीटा जा रहा है।
एसडीएम की रिपोर्ट पर डीआईओएस ने गुरुवार को संग्रामगढ़ थाने में प्रिंसिपल विनोद कुमार तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस कॉलेज में छत्रधारी इंटरकॉलेज लखपेड़ा के शिक्षक धीरेंद्र सिंह को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। एसडीएम कुंडा की जांच में रामसखी इंटरकॉलेज पूरे धनऊ, बाबूलाल इंटरकॉलेज मउदारा, चंद्रगुप्त मौर्य शिक्षा निकेतन मानिकपुर शांति निकेतन लालाबाजार, इंटरकॉलेज पनिगौ में नकल की बात सामने आई। डीआईओएस ने इन कॉलेजों को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है।
सर्वोदय इंटर कॉलेज सांगीपुर में सामूहिक नकल होने पर बुधवार को दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक जितेंद्र प्रताप सिंह को हटाकर गांधी इंटर कॉलेज सांगीपुर के शिक्षक चंद्रप्रकाश तिवारी को तैनात किया गया है। इंदिरा शिक्षा निकेतन अठेहा में खुलेआम नकल होने पर डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक प्रवीण यादव को हटाकर गांधी इंटर कॉलेज के शिक्षक रंजन त्रिपाठी को जिम्मेदारी सौंपी है।
राम स्वरूप रामधीन इंटर कॉलेज खाना पट्टी में परीक्षार्थियों से नकल के बदले रुपये मांगने वाले केंद्र व्यवस्थापक पूनम सिंह को हटाकर उसी स्कूल के शिक्षक रामचंद्र पांडेय को तैनात किया गया है। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेताया कि अगर किसी भी केंद्र पर नकल होगी तो सजा भुगतने के लिए तैयार रहें।