लालगंज कोतवाली के हंड़ौर गांव के पास बुधवार रात खड़े ट्रक में पीछे से अनियंत्रित बाइक भिड़ गई। इससे बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालगंज कोतवाली के गहरी गांव निवासी बलदाऊ (14) पुत्र रवीन्द्र उपाध्याय अपने साथी प्रमोद (18) के साथ बाइक से हंड़ौर जा रहा था। इस दौरान अनियंत्रित बाइक पीछे से ट्रक से जा भिड़ी।
इससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद ढाबे पर मौजूद लोगों ने घायलों को लालगंज सीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने बलदाऊ को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद की हालत नाजुक देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर बलदाऊ के घर पहुंचते ही परिजनों में रोना पिटना मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।