जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेताया है कि अगर किसी केंद्र पर परीक्षार्थियों ने नकल की तो सीधे केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने सभी से नकलविहीन परीक्षा कराने का आह्वान किया।
शहर के संत एंथोनी इंटर कॉलेज में शुक्रवार की शाम केंद्र व्यवस्थापकों की हुई बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने नकल विहीन परीक्षा कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नकल रोकने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सचल दल बनाए जा रहे हैं। मगर नकल रोकने की पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापकों की है। पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में फोर्स तैनात रहेगी।
उन्होंने कहा कि अगर कोई दिक्कत होती है तो वह तुरंत निकट के थानेदार को फोन से अवगत कराएंगे। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन परीक्षा कराने के टिप्स दिए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके पूर्व हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रतिदिन उपस्थिति और गैरहाजिर रहने वाले बच्चों की संख्या आनलाइन भरने के लिए प्रशिक्षक डा. विंध्याचल सिंह, राघवेंद्र पांडेय और अनीस ने केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डा. केसी पांडेय, प्रमोद तिवारी, प्रभात त्रिपाठी, गोकुलनाथ श्रीवास्तव, कौशल पांडेय, अभिषेक तिवारी, गजेंद्र, वंशीलाल आदि मौजूद रहे।