भंगवाचुंगी से नया माल गोदाम की बदहाल सड़क की मरम्मत का कार्य नागरिकों ने गुरुवार को बंद करा दिया। गुणवत्ता को लेकर नाराज कांग्रेसी लोनिवि अधिकारियों का घेराव कर मौके पर अफसरों को साथ लेकर पहुंचे। अच्छी सड़क बनाने के आश्वासन पर ही नागरिक शांत हुए।
नया माल गोदाम रोड बदहाल हो चुका है। यह सड़क नगर पालिका के बजाय लोनिवि की है। गुरुवार को लोनिवि के ठेकेदार क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने पहुंचे। बदहाल सड़क की पैचिंग का कार्य होते देख पश्चिमी सहोदरपुर, आदर्श नगर, सियाराम कालोनी के रहने वाले भड़क उठे। उन लोगों ने मरम्मत के कार्य को रोक दिया। सभासद धर्मशील की अगुवाई में लोगों ने विरोध जताते हुए अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। कुछ ही देर में यूथ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं के साथ लोनिवि कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को घेराव किया।
वे आनाकानी करने लगे तो मामले की जानकारी एसडीएम सदर को दी। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों ने बताया कि नाली का निर्माण न होने से पानी भर जाता है। इससे बनने के साथ ही सड़क उखड़ने लगती है। सभासद ने कहा कि ओवरलोड वाहनों का आवागमन भी रहता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नए सिरे से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर हरिशचंद्र, नीतेश, कुलदीप, संतोष कुमार, प्रदीप कुमार, राम लखन, कपिल ओझा, अजय पाल, नन्कऊ तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।