गुरुवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर डायमंड रेलवे क्रॉसिंग का ट्रैक बदलने की वजह से गाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा। दरअसल, डायमंड क्रासिंग जर्जर होने से आए दिन सिग्नल का संचालन ठप हो जाता था। सिग्नल अप और डाउन नहीं हो रहा था। जिससे प्लेटफार्म एक की गाड़ियां लेट हो जाती थीं। गुरुवार को ट्रैक बदलने का काम शुरू हुआ। इसके लिए पांच घंटे का ब्लॉक लिया गया और प्लेटफार्म एक पर संचालन रोक दिया गया।
प्लेटफार्म एक फंस जाने से इस पर आने वाली ट्रेनों को दो और तीन पर लिया जाना लगा। जिससे बाकी ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। सुबह जब ट्रैक का काम शुरू होने वाला था उसी समय साकेत एक्सप्रेस को प्लेटफार्म एक पर लिया गया। जब उसके चलने का वक्त आया तो पता चला कि सिग्नल ही फेल हो गया है। काफी प्रयास के बाद भी सिग्नल डाउन नहीं हुआ। ट्रेन को अधिक देर तक रोके जाने से नाराज यात्रियों ने प्लेटफार्म पर हंगामा शुरू कर दिया। रेलकर्मी उनके आक्रोश के शिकार हुए। ऑन ड्यूटी एसएम ने बताया कि सिग्नल के संचालन में दिक्कत आ रही थी। इसलिए ट्रेन रुकी हुई थी। एडीईएन अर्जुन सिंह ने बताया कि ट्रैक बदलने की वजह से प्लेटफार्म एक पर संचालन ठप रहा।