अब जेल के बाहर और भीतर हो रही सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। बंदियों व बंदीरक्षकों की मनमानी को रोकने के लिए अधिकारियों के आदेश पर जेल प्रशासन ने कई जगह सीसीटीवी कैमरा लगवाया है। इससे जेल के अंदर बवाल करने वालों या उसको प्रोत्साहित करने वालों को आसानी से पकड़ा जा सकेगा।
इन दिनों जिला कारागार में कर्मचारियों की मिलीभगत से बंदियों की मनमानी चरम पर है। आए दिन हो रहीं घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह व जेल के आला अधिकारियों ने कारागार के भीतर व बाहर की हर गतिविधियों को कैद करने के लिए सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया।
अधिकारियों के आदेश पर जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने जेल के मुख्य गेट के साथ परसिर में तीन सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। जिससे बंदियों व बंदीरक्षकों की हर गतिविधि कैमरे में कैद हो सके। जेल अधीक्षक के मुताबिक अब बवाल करने वाले बंदियों के साथ ही बंदीरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी। बता दें कि रविवार की रात बंदियों व बंदीरक्षकों के बीच सामान के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद मारपीट हुई थी।