उप्र लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील शुक्ला ने 30 मतों से मिथिलेश सिंह को हराकर अध्यक्ष की कुर्सी हथिया ली, जबकि महामंत्री के हुए चुनाव में सुनील कुमार श्रीवास्तव ने अपने प्रतिद्वंद्वी मुकेश कुमार को 40 मतों से परास्त कर दिया। प्रांतीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुए चुनाव में अध्यक्ष और महामंत्री के समर्थकों ने माला पहनाकर स्वागत किया।
शनिवार को अफीम कोठी में उप्र लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा एसोसिएशन का गठन प्रांतीय महामंत्री संजय कुमार यादव और प्रांतीय उपाध्यक्ष योगेश मिश्र, राजेंद्र सिंह राणा, उमाकांत शुक्ला की मौजूदगी में हुए चुनाव में हुआ। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील शुक्ला को 39 मत मिले, जबकि मिथिलेश सिंह को सिर्फ 9 मतों से संतोष करना पड़ा। महामंत्री पद के लिए सुनील श्रीवास्तव और मुकेश कुमार के बीच चुनाव हुआ। सुनील को 44 मत मिले, जबकि मुकेश कुमार को चार मतों से संतोष करना पड़ा।
कोषाध्यक्ष पद पर संत कुमार यादव का चयन किया गया है। लेखाकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संजय कुमार यादव ने कहा कि लेखाकारों को उचित सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी से एकजुट रहने का आह्वान किया। इस मौके पर सुधाकर त्रिपाठी, राकेश श्रीवास्तव, राकेश सरोज, शिव कुमार, रामदेव, आरके वर्मा आदि मौजूद रहे।