प्याज और फल खराब होने से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब उद्यान विभाग किसानों को घाटे से बचाने के लिए लो-कास्ट प्याज भंडार गृह और पैक हाऊस बनवाने के लिए अनुदान दे रहा है। लो कास्ट प्याज भंडार गृह बनवाने के लिए एक लाख 75 हजार की लागत आ रही है। इसमें 50 प्रतिशत उद्यान विभाग अनुदान देगा। वहीं पैक हाऊस बनवाने पर चार लाख की लागत आ रही है। विभाग 50 प्रतिशत अनुदान के साथ बिजली का कनेक्शन दिलाने का दावा कर रहा है।
अक्सर प्याज की खुदाई के समय उसका दाम गिर जाता है। ऐसे में किसान उसे तत्काल बेच देना चाहते हैं। स्टोर की व्यवस्था न होने के कारण तमाम किसानों का प्याज सड़ जाती है। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। मुनाफा तो दूर की बात उनकी लागत भी नहीं निकल पाती है। कुछ ही दिनों बाद प्याज का दाम आसमान छूने लगता है। यही हाल फल का है। सीजन में फल सस्ते दामों पर बिक ने लगते हैं। समय बीतते ही दाम आसमान छूने लगता है। किसानों को इस परेशानी से बचाने के लिए उद्यान विभाग के अधिकारियों ने नई कार्ययोजना तैयार की है।
विभागीय अधिकारियों का दावा है कि बेल्हा में अगर लो कास्ट प्याज हाऊस और फल रखने के लिए पैक हाऊस बन जाए तो किसानों के साथ व्यवसायियों को घाटे से मुनाफे की ओर लाया जा सकता है। लो कास्ट प्याज भंडार गृह और पैक हाऊस बनवाने के लिए बेल्हा वासियों से आवेदन मांगा गया है। लागत में 50 प्रतिशत अनुदान के साथ बिजली का भुगतान विभाग करेगा। पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर चयन किया जाएगा।