शहर के होटलों और अस्पतालों में बुधवार को छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान ढेरों कमियां मिलीं। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान हड़कंप मचा रहा। छापेमारी की कार्रवाई में एसडीएम सदर व सीओ सिटी, फायरब्रिगेड व बिजली विभाग के लोग शामिल थे। सबसे पहले भैरोपुर में स्थित जायका रेस्टोरेंट व कार्पोरेशन बैंक का निरीक्षण किया। वहां कोई ऐसी व्यवस्था नहीं मिली जिससे समय से आग बुझाई जा सके। इसके बाद अधिकारियों की टीम अजीत नगर स्थित मां अस्पताल पहुंची। अस्पताल मानक के अनुरूप नहीं मिला। कनेक्शन से अधिक बिजली खर्च हो रही थी। आग बुझाने के लिए पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद डॉ. घनश्याम अग्रवाल के अस्पताल में टीम ने छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल का नया भवन भी नक्शे के विपरीत मिला। अप्रिय हादसों से बचने के लिए भी कोई ठोस प्रबंध नहीं किया गया था।
शहर में अस्पतालों और रेस्टोरेंट के निरीक्षण की खबर जंगल में आग की तरह पूरे जिले में फैल गई। अधिकारियों की मौजूदगी में हो रही जांच पड़ताल की खबर मिलने के बाद जनपद में स्थित रेस्टोरेंट और अस्पताल में ताला बंदकर लोग भाग निकले। शहर में ही निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों को अधिकांश रेस्टोरेंट और अस्पताल बंद मिले।
मान्यता प्राप्त स्कूलों की जांच के लिए बृहस्पतिवार से अभियान चलेगा। एसडीएम सदर जेपी मिश्रा ने बताया कि अस्पताल, होटल, लाज के साथ ही पब्लिक से जुड़े स्कूली संस्थानों का भी विधिवत निरीक्षण किया जाएगा। कमियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। ताकि ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई हो सके।