उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े शैक्षिणक समर में इस साल भी अव्यवस्था के आसार नजर आने लगे हैं। जिसे लेकर अभिभावक व परीक्षार्थियों में ऊहापोह की स्थिति बनी है। जो केन्द्र पिछले वर्ष की परीक्षा में अव्यवस्थाओं से चर्चाओं में थे, उन्हें एक बार फिर सैकड़ों परीक्षार्थियों के भविष्य का जिम्मा सौंप दिया गया है।
गौरा विकास खंड क्षेत्र के गंगा शिक्षण संस्थान नरी में गत वर्ष इंटर की परीक्षा में केन्द्र व्यस्थापक द्वारा विद्यालय की व्यवस्था में उपयोग लेने वाला प्रश्न पत्र से छात्र-छात्राओं की परीक्षा ली गई थी। परीक्षा लेने के बाद दो पशभन पत्रों को अलग अलग बंडलों में सील कर दिया गया। संकलन केन्द्र पर बंडल जमा करने के लिए आपत्ति की गई तो केन्द्र व्यवस्थापक ने आनन फानन में दोनों बंडलों को खोलकर एक बंडल में जमा किया। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय के खिलाफ जांच कराई थी। अधिकारियों ने मामले को रफादफा कर ठंडे बस्ते में डाल दिया और इस बार पुन:उस विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बना दिया गया है।
इसी तरह मो.आमीन इंटर कालेज जगतपुर सुवंसा में नौडेरा इंटर काॅलेज का परीक्षा केन्द्र था। केन्द्र पर नकल को लेकर परीक्षार्थी व केन्द्र व्यवस्थापक में जमकर हंगामा हुआ था। यहां तक कि परीक्षार्थियों ने केन्द्र व्यवस्थापक के खिलाफ राजमार्ग जाम कर दिया था। ऐसी स्थिति में जिले के आला अधिकारियों की शिथिलता ने इस बार पुन: आमीन इंटर कालेज को परीक्षा केन्द्र बनाते हुए यहां के छात्रों का केन्द्र नौडेरा इंटर कालेज में कर दिया है।