उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा केंद्रों में परीक्षा नियामक प्राधिकरण सचिव इलाहाबाद ने फेरबदल कर दिया है। अब 22 के बजाय जिले के 15 केंद्रों पर ही परीक्षा संपन्न होगी। आगामी 2 फरवरी को टीईटी परीक्षा होनी है। पहले इसके लिए जिले के 22 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जिसकी सूची डीआईओएस कार्यालय से परीक्षा नियामक प्राधिकरण इलाहाबाद भेजी गई थी। जिसमें वित्तविहीन कालेज भी शामिल थे। शुक्रवार को सचिव नीना श्रीवास्तव ने वित्तविहीन कालेजों को परीक्षा केंद्र न बनाए जाने का आदेश दिया। परीक्षा नियामक प्राधिकरण से जारी परीक्षा केंद्रों की सूची डीआईओएस कार्यालय पहुंचने पर निरस्त किए परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर सूचित कर दिया गया।
अब टीईटी परीक्षा शहर के जीआईसी, जीजीआईसी, केपी कालेज, संत अंथोनी इंटर कालेज, तिलक इंटर कालेज, एमडीपीजी, अबुलकलाम आजाद इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, पीबी इंटर व डिग्री कालेज सिटी प्रतापगढ़, कालूराम इंटर कालेज शीतलागंज, रामराज इंटर कालेज पट्टी, रामअजोर मिश्र इंटर कालेज लालगंज, बृजेंद्रमणि इंटर कालेज कोंहडौर, मथुरा प्रसाद इंटर कालेज चिलबिला में ही होगी। टीईटी की प्राइमरी परीक्षा में 4780 व जूनियर में 9668 अभ्यर्थी शामिल होंगे। टीईटी प्राइमरी की परीक्षा जीआईसी, केपी कालेज, पीबी इंटर व डिग्री कालेज सिटी प्रतापगढ़, एमडीपीजी, कालूराम इंटर कालेज शीतलागंज में परीक्षा होगी। इसके अलावा अन्य सभी केंद्रों पर जूनियर स्तर की परीक्षा होगी। सुबह 10 बजे से 12.30 तक प्राथमिक स्तर की व 2.30 बजे से शाम 5 बजे जूनियर स्तर की परीक्षा होगी। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा कराने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।