मंगरौरा के एक स्कूल में शनिवार को कीड़ायुक्त भोजन बच्चों को परोस दिया गया। आधे बच्चों ने भोजन ग्रहण कर लिया था। इसी बीच स्कूल के ही एक बच्चे की नजर उस पड़ गई। इसकी जानकारी होने पर अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया।
पूर्व माध्यमिक स्कूल मधुपुर में शनिवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बाल्टी में रखी रसेदार सब्जी में कीड़ा मिला। शनिवार को बच्चों को दोपहर का खाना परोसने के लिए स्कूल में सब्जी चावल बना हुआ था। दोपहर में बच्चों को खाने के लिए बुलाया गया। पहले चक्र में करीब पचास प्रतिशत बच्चे खाना खा चुके थे।
दूसरे चरण में बचे हुए बच्चों को खाना खाने के लिए बुलाया गया। तभी एक बच्चे की नजर बाल्टी में रखी सब्जी पर पड़ी। इसमें सफेद रंग का कीड़ा मृत पड़ा था। बच्चों के कहते ही रसोइया झट से कीड़ा निकालकर आरोप को झूठा बताने लगा। मगर जब शिक्षक और बच्चे एक जुट होकर देखने लगे तो सच सामने आ गया। इसकी जानकारी जब अभिभावकों को हुई तो वे जानकारी करने पहुंच गए। अभिभावकों ने हंगामा किया। शिक्षक और रसोइयां से तूतू मैं मैं हो गई। प्रधानाध्यापक राजाराम यादव ने रसोइया की गलती बताई है। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील सिंह ने जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।